उत्तराखंड में विज्ञान–तकनीक को नई धार, यूकास्ट की महासभा में रोडमैप तय
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Feb, 2026 08:51 PMDehradun : मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद यूकास्ट की सामान्य महासभा (General Body) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और प्रमुख उद्यमियों ने भौतिक व वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
बैठक में उत्तराखंड में विज्ञान–तकनीक आधारित इकोसिस्टम और वैज्ञानिक टेंपरामेंट को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई। यूकास्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत ने परिषद की उपलब्धियों, संचालित कार्यक्रमों और आगामी कार्ययोजना पर प्रस्तुतीकरण दिया। बताया गया कि 88.8 मेगाहर्ट्ज़ पर विज्ञान वाणी, विज्ञान दृश्यम और विज्ञान धारा जैसे कार्यक्रमों के संचालन से विज्ञान के लोकव्यापीकरण को नई गति मिली है।
STEM, मेंटरशिप और लैब ऑन व्हील्स पर फोकस
बैठक में अल्मोड़ा के मानसखंड में स्थापित मानसखंड साइंस सेंटर, चंपावत विज्ञान केंद्र और प्रत्येक जनपद में नवाचार केंद्रों की स्थापना पर मंथन हुआ। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मेंटरशिप कार्यक्रमों के जरिए विज्ञान–तकनीक का अधिकतम प्रसार किया जाए और STEM विषयों में विद्यार्थियों व युवाओं की रुचि बढ़ाई जाए। विद्यालयों में विज्ञान संवाद, पॉडकास्ट, साइंस पत्रिका और संगठित मेंटरशिप के लिए SOP तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने 13 जनपदों में संचालित लैब ऑन व्हील्स के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में इसके अपग्रेडेशन और विस्तार के निर्देश दिए, ताकि उत्तराखंड को एक आदर्श वैज्ञानिक इकोसिस्टम मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके।
बैठक में सचिव नितेश झा, रंजीत सिन्हा और रविनाथ रामन, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत, भारतीय पेट्रोलियम संस्थान (IIP) के निदेशक हरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रमुख उद्यमी डॉ. लडवाल, एनएमसी सदस्य डॉ. डी. के. गुप्ता तथा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान सहित देशभर के अनेक विज्ञान–तकनीक विशेषज्ञ वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे


No Previous Comments found.