उत्तराखंड : सहस्त्रधारा ट्रेंचिंग ग्राउंड बनेगा आधुनिक सिटी पार्क, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 Feb, 2026 09:11 PMदेहरादून : मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउण्ड को आधुनिक सुविधाओं युक्त पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश एमडीडीए को दिए हैं। उन्होंने इस पार्क को सिटी पार्क की भांति विकसित करने को भी कहा है।
बुधवार को सचिवालय में सहस्त्रधारा ट्रेंचिंग ग्राउण्ड पार्क के निर्माण से संबंधित प्रस्तुतिकरण का अवलोकन करते हुए मुख्य सचिव ने नगर निगम आयुक्त नमामि बंसल को ट्रेंचिंग ग्राउण्ड से यथाशीघ्र कचरे के निस्तारण के निर्देश भी दिए। बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा भी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और बढ़ते यातायात दबाव के बीच आधुनिक पार्कों की शहर को नितांत आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित पार्क में ओपन जिम, जॉगिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, मल्टीपरपज हॉल, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट, कैफेटेरिया, ओपन थिएटर, योग एवं मेडिटेशन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्क निर्माण में सीमेंट और कंक्रीट का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। ग्राउंड वाटर रिचार्ज के लिए वाटर फाउंटेन आदि की व्यवस्था की जाए तथा इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सहयोग भी लिया जाए।
मुख्य सचिव ने एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को पार्क के लेआउट को शीघ्र अंतिम रूप देने और डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।


No Previous Comments found.