उत्तराखंड में बारिश को लेकर हाई अलर्ट: सीएम धामी ने सभी विभागों को 24×7 सतर्क रहने के दिए निर्देश
हेली सेवाएं अलर्ट पर रखने, बंद सड़कें जल्द खोलने और बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाएं तत्काल बहाल करने के निर्देश, 29-30 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Jul, 2026 06:11 PMदेहरादून, 28 जुलाई। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
मंगलवार तड़के मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से प्रदेश में हो रही वर्षा, विभिन्न जिलों की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। वहीं आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक तथा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी प्रदेशभर की स्थिति की समीक्षा करते हुए राज्य एवं जिला स्तर के सभी आपातकालीन परिचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने और प्रत्येक घटना की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता से कार्य करें और प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जिलाधिकारियों और विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का आकलन करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बारिश से बाधित सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जेसीबी, पोकलेन, डोजर सहित सभी आवश्यक मशीनरी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखी जाए, ताकि आवागमन जल्द सामान्य हो सके और राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित न हों।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सके। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी क्षेत्र में भारी वर्षा या भूस्खलन के कारण बिजली, पेयजल अथवा संचार सेवाएं बाधित होती हैं तो संबंधित विभाग सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर उनकी तत्काल बहाली सुनिश्चित करें।
चारधाम यात्रा और अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अत्यधिक वर्षा या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम और मार्ग सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए।
सचिव आपदा प्रबंधन ने की राज्यभर की समीक्षा
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित निगरानी करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से प्रदेशभर की स्थिति पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया गया है।
29 और 30 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून के अनुसार 29 और 30 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
30 जुलाई को बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भी भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों तथा जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #RainAlert #OrangeAlert #IMD #DisasterManagement #CharDhamYatra #Dehradun #Monsoon #UttarakhandNews



No Previous Comments found.