दन्या में सीएम धामी की बड़ी सौगात, विकास योजनाओं की कई अहम घोषणाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Jun, 2026 11:05 PMअल्मोड़ा। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रविवार को अल्मोड़ा के दन्या में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग 4.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा चमतोला खेल मैदान का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, प्रेम मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम Jageshwar Dham को उसके मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जा रहा है। धाम में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ जैसी पहल के जरिए स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट बनने का गौरव मिला है। साथ ही नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं का भर्ती प्रक्रियाओं में विश्वास बहाल किया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री Ajay Tamta ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड में तेजी से विकास हो रहा है और राज्य को देश का श्रेष्ठ प्रदेश बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक Mohan Singh Mehra, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.