योग केवल पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, बल्कि वे ऑफ लाइफ है: प्रदीप बत्रा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 21 Jun, 2026 09:19 AM
योग केवल पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, बल्कि वे ऑफ लाइफ है: प्रदीप बत्रा

रुड़की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह नेहरू स्टेडियम, रुड़की में भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि “योग केवल पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, बल्कि वे ऑफ लाइफ है। योग निरोग जीवन का विश्वास देता है। यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।” उन्होंने कहा कि योग अब भारत की सीमाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया के अधिकांश देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, जो भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” निर्धारित की गई है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे वैश्विक समर्थन मिला। इसके बाद 21 जून 2015 को पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था।

कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति और भारत स्वाभिमान न्यास के पदाधिकारी, योग साधक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2