पासपोर्ट सत्यापन में उत्तराखंड पुलिस का देशभर में दम, मिला राष्ट्रीय सम्मान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Jun, 2026 07:18 PMदेहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और नागरिक सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार ने उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया है।
यह सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली के आधार पर प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए. पी. अंशुमान को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह सम्मान राज्य पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए तकनीक आधारित और जवाबदेह व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार और पुलिस विभाग के उसी संकल्प की सफलता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी उत्तराखंड पुलिस इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते हुए नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी और राज्य का गौरव बढ़ाने का काम करती रहेगी।
यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड पुलिस की कार्यक्षमता को दर्शाती है, बल्कि नागरिक सेवाओं में बेहतर प्रशासन और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में राज्य की मजबूत प्रतिबद्धता को भी साबित करती है।



No Previous Comments found.