उत्तराखंड की लीची अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बनाएगी : कृषि मंत्री

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Jun, 2026 09:47 PM
उत्तराखंड की लीची अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान बनाएगी : कृषि मंत्री

देहरादून, 18 जून। उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री ने गुरुवार को देहरादून स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस से राज्य में उत्पादित सुप्रसिद्ध रोज़-सेंटेड लीची की पहली निर्यात खेप को इटली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA), भारत सरकार के सहयोग से एक मीट्रिक टन लीची की यह पहली खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए भेजी गई।


इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की उच्च गुणवत्ता वाली लीची अब वैश्विक बाजारों में अपनी नई पहचान बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के बागवानी क्षेत्र को निर्यात के नए अवसर प्रदान करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


वर्तमान में उत्तराखंड में लगभग 5,377 हेक्टेयर क्षेत्रफल में लीची की खेती की जाती है, जहां से करीब 19,465 मीट्रिक टन उत्पादन होता है। देहरादून की लीची अपनी विशिष्ट मिठास, आकर्षक लाल रंग, सुगंध और उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण देशभर में विशेष पहचान रखती है। राज्य में मुख्य रूप से रोज़ सेंटेड, कलकैतिया और बेदाना जैसी लोकप्रिय किस्मों का उत्पादन किया जाता है।


प्रदेश के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जैसे जिले उच्च गुणवत्ता वाली लीची उत्पादन के लिए जाने जाते हैं। अधिकारियों के अनुसार इस निर्यात पहल से किसानों को स्थानीय बाजार की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत तक अधिक मूल्य मिलने की संभावना है।


सरकार का मानना है कि यह पहल निर्यातोन्मुख बागवानी को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश में बागवानी मूल्य श्रृंखला को और अधिक मजबूत करेगी तथा उत्तराखंड के किसानों के लिए वैश्विक बाजारों के नए द्वार खोलेगी।


इस दौरान एपीडा के सचिव, महाप्रबंधक, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्रपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2