जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन हमारी प्राथमिकता है : राम सिंह कैड़ा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jun, 2026 06:34 PMदेहरादून, 18 जून। प्रदेश के जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य जनहित को ध्यान में रखते हुए तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए जलागम प्रबंधन विभाग द्वारा चाल-खाल के माध्यम से जल संरक्षण और जल स्रोतों के रिचार्ज का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य की छोटी-बड़ी नदियों के संरक्षण के लिए भी विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को छोटे-छोटे नौले-धारों के संरक्षण और सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य चयनित सूक्ष्म जलागम क्षेत्रों में ग्रामीण समुदाय की सहभागिता के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग की दक्षता बढ़ाने, कृषि उत्पादकता में वृद्धि करने तथा पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण विकास को मजबूत करना है। उन्होंने नदियों के संरक्षण के साथ नदी तटों पर बसे गांवों के संरक्षण और सुदृढ़ीकरण के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा।
बैठक में मंत्री ने राज्य स्तरीय स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन प्राधिकरण (SARRA), विश्व बैंक पोषित उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना (UCRRFP), प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY-WDC 2.0) सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अपर सचिव हिमांशु खुराना, परियोजना निदेशक कहकशा खान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.