उत्तराखंड : मेरठ-ऋषिकेश नमो भारत ट्रेन को मिली रफ्तार, जल्द होगा सर्वे

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Jun, 2026 09:30 PM
उत्तराखंड : मेरठ-ऋषिकेश नमो भारत ट्रेन को मिली रफ्तार, जल्द होगा सर्वे

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों के बाद मेरठ से ऋषिकेश तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) सेवा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सर्वे कराने पर सहमति बन गई है।


प्रस्तावित परियोजना के तहत दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक विस्तारित किया जाएगा। करीब 150 किलोमीटर लंबे इस नए ट्रैक में 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लंबे समय से इस परियोजना को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष पैरवी कर रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को प्रस्ताव सौंपा था। इसके बाद परियोजना को सैद्धांतिक सहमति मिल गई। उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को परियोजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि एनसीआरटीसी और उत्तर प्रदेश सरकार भी आवश्यक समन्वय की प्रक्रिया में जुट गई हैं।


प्रस्तावित रूट के अनुसार नमो भारत ट्रेन मेरठ के मोदीपुरम से चलकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगी। विशेष बात यह है कि यह कॉरिडोर हरिद्वार के हर की पैड़ी क्षेत्र को भी जोड़ेगा, जिससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।


वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से यात्रा में लगभग पांच से छह घंटे लगते हैं, जबकि 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन शुरू होने के बाद यह सफर महज ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय कर इस परियोजना को आगे बढ़ा रही है, जिससे विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2