उत्तराखंड सहकारिता विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Jun, 2026 11:06 PMदेहरादून, 10 जून। उत्तराखंड शासन ने सहकारिता विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी आदेशों के तहत अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक और उप निबंधक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही हाल ही में पदोन्नत चार उप निबंधकों को भी नई तैनाती दी गई है।
जारी आदेशों के अनुसार ईरा उप्रेती को अपर निबंधक सहकारी समितियां, उत्तराखंड के साथ उत्तराखंड संस्थागत सेवा मंडल का सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं आनंद शुक्ल को सदस्य, उत्तराखंड राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण, देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नीरज बेलवाल को उत्तराखंड सहकारी न्यायाधिकरण एवं सहकारी सेवा, देहरादून में नामित किया गया है। मंगला प्रसाद त्रिपाठी को सदस्य सचिव, उत्तराखंड राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण तथा प्रबंध निदेशक, उत्तराखंड राज्य सहकारी आवास संघ, काशीपुर का दायित्व सौंपा गया है। वहीं रमिंद्री मंद्रवाल को संस्थागत सेवा मंडल का सदस्य नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा निबंधक सहकारी समितियां, उत्तराखंड को राज्य सहकारी न्यायाधिकरण में सदस्य (प्रशासनिक सेवा) के पद पर नामित किया गया है।
पदोन्नत अधिकारियों को मिली नई तैनाती
सहायक निबंधक से उप निबंधक पद पर हाल ही में पदोन्नत चार अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
मनोज कुमार पुनेठा को उप निबंधक सहकारी समितियां, मुख्यालय नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रबंध निदेशक, लेबर फेडरेशन एवं हथकरघा संघ उत्तराखंड का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
सुरेंद्र पाल को उप निबंधक सहकारी समितियां, गढ़वाल मंडल, पौड़ी में तैनात किया गया है। राजेश चौहान को उप निबंधक, कुमाऊं मंडल नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें निबंधक कार्यालय में संपादित होने वाले विधिक एवं न्यायिक कार्यों के निष्पादन की जिम्मेदारी भी दी गई है।
मोनिका चुनेरा को उप निबंधक मुख्यालय के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त उन्हें प्रबंध निदेशक, साइलेज का दायित्व सौंपते हुए हरिद्वार जनपद में जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां के रिक्त पद पर नियमित तैनाती होने तक अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
शासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएं।
सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने में निभाएं अहम भूमिका : धन सिंह रावत
सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने नई जिम्मेदारियां प्राप्त करने वाले अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने में अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें तथा विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान दें।
धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सहकारिता संस्थाओं को आत्मनिर्भर, जनहितैषी और लोककल्याणकारी बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।



No Previous Comments found.