उत्तराखंड : जन्म से शिक्षा तक बच्चों की होगी डिजिटल ट्रैकिंग, एकीकृत प्लेटफॉर्म बनेगा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 Jun, 2026 08:00 PMदेहरादून, 3 जून। उत्तराखंड में बच्चों की जन्म से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की समग्र डिजिटल ट्रैकिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी बच्चों के लिए एकीकृत ट्रैकिंग एवं मैपिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए।
बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे का जन्म, टीकाकरण, आंगनबाड़ी में प्रवेश, विद्यालय में नामांकन और शैक्षणिक उपलब्धियों तक का पूरा रिकॉर्ड एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना चाहिए। इसके लिए सभी बच्चों की आभा आईडी और अपार आईडी बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म संचालित हो रहे हैं, जिन्हें और अधिक उन्नत बनाकर एक समन्वित प्रणाली विकसित की जाए। इस व्यवस्था के तहत अभिभावकों को समय-समय पर एसएमएस के माध्यम से टीकाकरण, आंगनबाड़ी और विद्यालय प्रवेश जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां स्वतः प्राप्त होंगी। साथ ही संबंधित विभाग भी बच्चों की प्रगति और आवश्यक सेवाओं की नियमित निगरानी कर सकेंगे।
मुख्य सचिव ने शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआईसी और आईटीडीए के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मंथन कर जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस विषय पर शीघ्र ही पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने को भी कहा।
बैठक में सचिव रविनाथ रमन, विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, अपर सचिव रीना जोशी समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.