उत्तराखंड : बिडोली विद्युत उपकेंद्र की सौगात, क्षेत्र को मिलेगी बिजली संकट से राहत

धन सिंह रावत ने 55 लाख की परियोजना का किया शिलान्यास, सड़क और शिक्षा क्षेत्र की योजनाओं को भी दी मंजूरी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 3 Jun, 2026 07:48 PM
उत्तराखंड : बिडोली विद्युत उपकेंद्र की सौगात, क्षेत्र को मिलेगी बिजली संकट से राहत

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत ने बुधवार को पैठाणी, पाबौ और खिर्सू क्षेत्र के दौरे के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र का संतुलित और सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।


दौरे की शुरुआत पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहु मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जहां उन्होंने प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।


पाबौ क्षेत्र में धन सिंह रावत ने 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिडोली विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में लंबे समय से बनी विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है। इसके अलावा उन्होंने राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसीणा में 9.14 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा 2.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मोल्काखाल-टीला मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटेनेंस कार्य का भी शिलान्यास किया।


ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और विद्युत जैसी आधारभूत सुविधाएं ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।


खिर्सू क्षेत्र में उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोबरी में 30.70 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैंसवाड़ा में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी को राज्य के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधासंपन्न बनाया जा सके।


कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिव चरण नौडियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2