उत्तराखंड के मैदानी जिलों में हीट वेव का अलर्ट, प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 May, 2026 08:45 PMदेहरादून। उत्तराखंड के मैदानी जनपदों में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) जैसी स्थिति को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 25 मई से 27 मई 2026 तक राज्य के कई मैदानी क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ हीट वेव जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।
जारी पूर्वानुमान के मुताबिक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जनपदों के कुछ स्थानों पर लू जैसी स्थिति रहने की संभावना जताई गई है। संभावित गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने के साथ स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों, ओआरएस, बर्फ और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही लू और शरीर में पानी की कमी से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, प्याऊ और शीतल जल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने को भी कहा गया है ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
इसके अलावा बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने तथा पानी की कमी वाले क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी कार्यस्थलों और श्रमिकों के लिए कार्य समय को सुबह और शाम तक सीमित रखने की सलाह भी जारी की गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास Vinod Kumar Suman ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें तथा तेज गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतें।



No Previous Comments found.