पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए रोजगार मेला आयोजित, चयनित अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 May, 2026 04:39 PMदेहरादून, 14 मई। उत्तराखंड सरकार के सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक, देहरादून में पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा रोजगार मेले में शामिल निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।
यह रोजगार मेला विशेष रूप से उन पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने कम्प्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। मेले में 21 निजी कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है, जहां हर परिवार देशभक्ति, अनुशासन और त्याग की भावना से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अमूल्य योगदान दिया है और अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके परिवारों एवं आश्रितों को शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाया जाए। राज्य सरकार पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए शिक्षा अनुदान, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण और पुनर्वास योजनाओं सहित कई योजनाएं संचालित कर रही है।
मंत्री जोशी ने बताया कि पिछले दो वर्षों में सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए के संयुक्त प्रयासों से 628 पूर्व सैनिक आश्रितों को कम्प्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि वर्तमान में 227 प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जनवरी 2024 में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से 22 पूर्व सैनिक आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया गया था।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्किल इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा-सशक्त एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विज़न को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्र निर्माण में सभी की सहभागिता पर जोर देते हुए पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा चुनौतियों का उल्लेख किया। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को अपनाने की अपील भी की।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, उप निदेशक कर्नल वीपी भट्ट, विंग कमांडर निधि बधानी, आईटीडीए के अपर निदेशक तीरथ पाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.