मोतीलाल नेहरू मार्ग की बदहाल स्थिति पर भड़के गणेश जोशी, तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 May, 2026 08:59 PMदेहरादून, 13 मई। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे मोटर मार्ग निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मसूरी के मोतीलाल नेहरू मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कार्य कराने को कहा।
अपने कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में क्यारा-धनौल्टी मार्ग, गढ़-बुरांसखण्डा मार्ग, मोटीधार-मसराना, लोहारीगढ़, कोठियाना, छोटी छमरौली से डोमकोट, विलासपुर कांडली, अनारवाला-मालसी सहित देहरादून के कई वार्डों में चल रहे सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने गजियावाला, अमन विहार और धोरण पुल की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान गणेश जोशी ने विशेष रूप से मसूरी के मोतीलाल नेहरू मार्ग की जर्जर स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 16 मई को उनके प्रस्तावित निरीक्षण से पहले मार्ग की मरम्मत का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
इसके अलावा मंत्री ने मसूरी मॉल रोड के सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और जोहड़ी अनारवाला क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। बैठक में गढ़ी डाकरा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, समीर पुंडीर, अनुज कौशल, विष्णु गुप्ता और संजय नौटियाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



No Previous Comments found.