उत्तराखंड : सीमांत नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 प्रतिभागी

फिट इंडिया अभियान और सीमांत पर्यटन को नई गति देने की पहल, 28 राज्यों के धावक बने आयोजन का हिस्सा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 31 May, 2026 06:11 PM
उत्तराखंड : सीमांत नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 प्रतिभागी

चमोली, 31 मई। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।


पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय इस विशेष आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और ‘फिट इंडिया’ अभियान को सीमांत गांवों तक पहुंचाना है।


कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।


उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं द्वितीय रक्षा पंक्ति के रूप में इन गांवों की आर्थिक और सामाजिक मजबूती भी बढ़ेगी।


जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक चलेगा। आयोजन के पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 117 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके अलावा मलारी-नीति-मलारी मार्ग पर आयोजित 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।


उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।


इससे पहले शनिवार रात मलारी गांव में पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देर रात तक उत्साह और लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।


आयोजन के दौरान दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, गृह सचिव शैलेश बगोली, सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2