निर्वाचन प्रबंधन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के अध्ययन के लिए सर्बिया पहुंचा उत्तराखण्ड का प्रतिनिधिमंडल
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुरुषोत्तम के नेतृत्व में टीम ने नोवी साद विधानसभा का किया भ्रमण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 May, 2026 11:08 PMदेहरादून/सर्बिया:
भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर उत्तराखण्ड का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम के नेतृत्व में सर्बिया दौरे पर है, जहां वह निर्वाचन प्रबंधन, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का अध्ययन कर रहा है।
दौरे के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया के नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण किया और वहां की लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
लोकतांत्रिक सहयोग को मिलेगा बल
नोवी साद प्रांत विधानसभा की चेयरमैन दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रियाओं में सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ भी बैठक कर वहां की चुनाव प्रणाली, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और चुनाव प्रबंधन की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन किया।
बेहतर प्रथाओं के आदान-प्रदान पर जोर
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से दोनों देशों के बीच निर्वाचन प्रबंधन और मतदाता जागरूकता से जुड़ी श्रेष्ठ प्रथाओं को समझने का अवसर मिला है, जिससे भविष्य में आपसी सहयोग और मजबूत होगा।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, सर्बिया में भारत के राजदूत अभिषेक शुक्ला, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल में ईआरओ काशीपुर गौरव पांडे और बीएलओ मोहम्मद कलीम भी शामिल हैं, जो इस अध्ययन यात्रा के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर की निर्वाचन व्यवस्थाओं का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।


No Previous Comments found.