फर्जी वायरल पत्र पर बवाल: अरविंद पांडे ने दी सफाई, कांग्रेस से मांगी माफी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 May, 2026 06:47 PMदेहरादून, 4 मई।
उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों एक कथित वायरल पत्र को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। गदरपुर विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने उनके नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्र को पूरी तरह फर्जी करार देते हुए इसे उनकी और भारतीय जनता पार्टी की छवि खराब करने की साजिश बताया है।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अरविंद पांडे ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र न तो प्रधानमंत्री और न ही किसी अन्य व्यक्ति को लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इस फर्जी पत्र के आधार पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं। पांडे ने इसे उनकी व्यक्तिगत छवि और पार्टी अनुशासन को नुकसान पहुंचाने का सुनियोजित प्रयास बताया और कड़े शब्दों में इसकी निंदा की।
उन्होंने कहा कि वे भाजपा के एक अनुशासित कार्यकर्ता और आरएसएस के स्वयंसेवक हैं तथा संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हैं। “मैं भाजपा का सिपाही हूं,” कहते हुए उन्होंने दोहराया कि इस तरह के मनगढ़ंत आरोपों से राजनीतिक माहौल खराब करना दुर्भाग्यपूर्ण है। पांडे ने कांग्रेस से इस मुद्दे पर प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
पांडे ने हाल ही में पांच राज्यों में हुए चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि यह भाजपा के प्रति बढ़ते जनविश्वास का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के बढ़ते प्रभाव से घबराकर इस तरह के दुष्प्रचार का सहारा ले रही है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस फर्जी पत्र के जरिए भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है और यह उसकी आंतरिक गुटबाजी से ध्यान भटकाने की रणनीति है। रावत ने कहा कि अरविंद पांडे एक निष्ठावान और अनुशासित कार्यकर्ता हैं, जिन पर इस तरह के आरोप लगाना पूरी तरह निंदनीय है।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति से लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचता है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में अन्य संबंधित पक्षों से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा और संगठन स्तर पर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.