उत्तराखंड : कुमाऊं को मिला बड़ा तोहफा, वन विकास निगम का नया कार्यालय खुलेगा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Apr, 2026 05:05 PMदेहरादून, 29 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड वन विकास निगम के रजत जयंती समारोह में बड़ा ऐलान करते हुए कुमाऊं मंडल में भी वन विकास निगम का कार्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वन संरक्षण, तकनीकी नवाचार और पर्यावरण संतुलन पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वन विकास निगम राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। निगम वनों के वैज्ञानिक प्रबंधन, वन उपज के टिकाऊ दोहन, आरक्षित वन क्षेत्रों में खनन, इको-टूरिज्म संचालन और प्रमाणित लकड़ी की सरकारी आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
‘हिमकाष्ठ’ मोबाइल एप लॉन्च
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने “हिमकाष्ठ” मोबाइल एप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस एप के जरिए निगम से लकड़ी की बिक्री और फॉरेस्ट गुड्स की ऑनलाइन नीलामी की जा सकेगी। इससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूती मिलेगी और प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी।
167 करोड़ का शुद्ध लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विकास निगम ने 25 वर्षों की यात्रा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले वर्ष निगम ने 167 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और साफ नीति का परिणाम है।
मौन पालन को बढ़ावा देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने वन क्षेत्रों में बी-बॉक्स स्थापित कर मौन पालन को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए। इससे ग्रामीणों की आय बढ़ाने और जैव विविधता संरक्षण में मदद मिलेगी।
इकोनॉमी और इकोलॉजी का संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि घने जंगल, ग्लेशियर, नदियां और जैव विविधता उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण वर्तमान ही नहीं, आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इकोनॉमी, इकोलॉजी और टेक्नोलॉजी के संतुलन के साथ आगे बढ़ रही है।
पर्यटकों से स्वच्छता की अपील
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से अपील की कि जंगल सफारी या धार्मिक स्थलों की यात्रा के दौरान गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह छोटा कदम बड़ा बदलाव ला सकता है।
कर्मचारियों के मेधावी बच्चों का सम्मान
कार्यक्रम में वन विकास निगम के कर्मचारियों के उन बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में वन संपदाओं को लोगों की आर्थिकी से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 627 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।


No Previous Comments found.