देहरादून में महिला आक्रोश मशाल यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सीएम धामी ने संभाली अगुवाई
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Apr, 2026 08:47 PMदेहरादून। महिला आरक्षण बिल को लेकर देहरादून में मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त किया। गांधी पार्क से घंटाघर तक आयोजित महिला आक्रोश मशाल यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं शामिल होकर नेतृत्व किया। यात्रा में प्रदेशभर से पहुंची हजारों माताएं, बहनें और बेटियां शामिल हुईं।
मशाल यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने वाली मानसिकता के खिलाफ जनभावना का प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की नारी अपने सम्मान, अधिकार और भागीदारी को लेकर पूरी तरह जागरूक और सजग है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय को वर्षों तक लंबित रखा गया, जबकि हाल के वर्षों में इसे आगे बढ़ाने के गंभीर प्रयास किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थों के कारण महिलाओं को उनका अधिकार मिलने में बाधाएं उत्पन्न की गईं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल महिलाओं के अधिकारों को लेकर कभी गंभीर नहीं रहे और उन्होंने इस विषय को केवल राजनीतिक मुद्दा बनाकर रखा। अब नई पीढ़ी की महिलाएं सब समझ चुकी हैं और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज की भारतीय नारी केवल दर्शक नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली शक्ति बन रही है। केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों को उन्होंने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि समाज और राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी कुछ परिवारवादी और परंपरागत राजनीति करने वाले दलों को असहज कर रही है। इसी कारण वे महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार देने से बचते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति ही प्रदेश और देश के विकास का मजबूत आधार है।
इस विशाल मशाल यात्रा को महिला एकजुटता और राजनीतिक चेतना के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


No Previous Comments found.