पूर्व सैनिकों के कल्याण और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए: गणेश जोशी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Apr, 2026 08:00 PMदेहरादून, 27 अप्रैल। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण तथा रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुविधा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है।
सोमवार को उपनल कार्यालय में मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपनल के माध्यम से विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु प्रस्तावित एजेंसी के शीघ्र संचालन की दिशा में चल रही तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, आश्रितों के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा नए रोजगार अवसर सृजित करने के विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि सैनिक एवं पूर्व सैनिकों के मेधावी बच्चों, जो एनडीए और एमबीबीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें कोचिंग के लिए प्रोत्साहन राशि देने संबंधी प्रस्ताव अगली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में आगामी 14 से 16 मई तक आयोजित होने वाले उपनल के राष्ट्रीय स्तर के कॉन्क्लेव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मंत्री जोशी ने उत्तराखंड सब एरिया के जीओसी द्वारा निर्माणाधीन वेटरन कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया।
बैठक में सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, प्रबंध निदेशक उपनल ब्रिगेडियर जे.एन. बिष्ट, संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार, उप सचिव कार्मिक एस.वी. रंजन, निदेशक मेजर जनरल शम्मी सभरवाल (सेनि), निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. रौतेला (सेनि), कर्नल आदित्य श्रीवास्तव, उप महाप्रबंधक कर्नल राजेश नेगी (सेनि), मेजर हिमांशु रौतेला (सेनि) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.