रूफ टॉप गार्डेनिंग को बढ़ावा देने के लिए सफल मॉडलों का अध्ययन करें: गणेश जोशी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Apr, 2026 07:57 PM
रूफ टॉप गार्डेनिंग को बढ़ावा देने के लिए सफल मॉडलों का अध्ययन करें: गणेश जोशी

देहरादून, 27 अप्रैल। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में रूफ टॉप गार्डेनिंग को बढ़ावा देने के लिए अन्य राज्यों के सफल मॉडलों का अध्ययन किया जाए, ताकि शहरी क्षेत्रों में कृषि और बागवानी को नई दिशा दी जा सके।


कृषि मंत्री ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।


गणेश जोशी ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एप्पल मिशन के अंतर्गत सत्यापन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने को कहा।


उन्होंने प्रदेश में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही पॉलीहाउस निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।


कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा समयबद्ध तरीके से तैयार करने को कहा। उन्होंने मई माह के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित ‘विकसित कृषि संकल्प यात्रा (खरीफ)’ के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इसके अलावा देहरादून में मई माह के अंत में प्रस्तावित उद्यान विभाग के एक्सपो की तैयारियों को भी समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा गया। बैठक में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में आयोजित होने वाली खरीफ गोष्ठियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पांडेय, अपर सचिव कृषि डॉ. आनंद श्रीवास्तव, महानिदेशक वंदना सिंह, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, निदेशक रेशम प्रदीप कुमार, सीईओ उद्यानिकी बोर्ड नरेंद्र यादव, बागवानी निदेशक महेंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2