वित्तीय साक्षरता से नागरिक होंगे सशक्त, योजनाओं का लाभ जरूर लें: आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Apr, 2026 02:36 PM
वित्तीय साक्षरता से नागरिक होंगे सशक्त, योजनाओं का लाभ जरूर लें: आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा

देहरादून। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि वित्तीय साक्षरता नागरिकों को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक व्यक्ति को बैंकिंग, बचत, बीमा तथा पेंशन योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।


आरबीआई गवर्नर ने देहरादून जिले के भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों (SHG) के सदस्यों के लिए क्रिसिल फाउंडेशन के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (CFL) द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा किया।


इस दौरान उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता से समृद्धि और दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों को पेंशन, बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी लेने तथा उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


संजय मल्होत्रा ने सीएफएल अधिकारियों से समाज के सभी वर्गों, विशेषकर दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक वित्तीय शिक्षा पहुंचाने के लिए और अधिक प्रयास करने को कहा, ताकि वित्तीय समावेशन को मजबूती मिल सके।


उन्होंने शिविर में शामिल लोगों से अपील की कि यहां प्राप्त वित्तीय जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों के साथ भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद भी किया।


शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंट्स (BC) द्वारा बुनियादी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा सिक्के और नोट बदलने के लिए विशेष काउंटर लगाए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल एटीएम वैन भी मौजूद रही।


कुछ स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें आरबीआई गवर्नर ने विशेष रुचि दिखाई और उनके प्रयासों की सराहना की।


इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक, आरबीआई देहरादून अरविंद कुमार सहित भारतीय रिजर्व बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्लॉक विकास अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2