उत्तराखंड : विधि-विधान से खुले केदारनाथ धाम के कपाट, जयकारों से गूंजा धाम
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Apr, 2026 12:09 PMरुद्रप्रयाग/देहरादून: श्रद्धा, आस्था और दिव्यता के प्रतीक ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। सुबह 8 बजे कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई।
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट खुलने का दिव्य क्षण और भी अलौकिक बन गया।
मुख्यमंत्री धामी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी यात्रा ऐतिहासिक रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने उत्तराखंडवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में धाम का भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण हुआ, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
51 क्विंटल फूलों से सजा धाम, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची थी। इसके बाद बुधवार सुबह 5 बजे से कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई।
रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर, मुख्यमंत्री धामी, विधायक आशा नौटियाल सहित धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की। ठीक सुबह 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
कपाट उद्घाटन के अवसर पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, हकहकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।


No Previous Comments found.