महिला आरक्षण पर भाजपा का हमला, रुचि भट्ट बोलीं- विपक्ष की साजिश उजागर करेंगे
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Apr, 2026 09:37 PMदेहरादून। महिला आरक्षण बिल को लेकर उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक और देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर विपक्ष का रवैया बेहद निराशाजनक और गैर-जिम्मेदाराना रहा है।
उन्होंने कहा कि जब देश की महिलाओं को सशक्त बनाने का अवसर सामने था, तब विपक्षी दलों ने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों को प्राथमिकता देते हुए इस ऐतिहासिक पहल को बाधित करने का प्रयास किया। रुचि भट्ट ने कहा कि आज देश की महिलाएं समझ चुकी हैं कि कौन उनके अधिकारों के साथ खड़ा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है।
मोदी सरकार ने महिलाओं के लिए किए ठोस प्रयास
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए हैं, लेकिन विपक्ष ने हर बार बाधा डालने का काम किया है।
रुचि भट्ट ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना या उसमें अनावश्यक अड़चनें डालना सीधे तौर पर महिलाओं के सपनों और उनके अधिकारों के खिलाफ है। विपक्ष को इस मुद्दे पर आत्ममंथन करना चाहिए और देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।
महिला मोर्चा चलाएगा अभियान
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का महिला मोर्चा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगा। साथ ही महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष की कथित साजिशों का पर्दाफाश जनता के सामने किया जाएगा।


No Previous Comments found.