चारधाम यात्रा को लेकर भाजपा उत्साहित, भट्ट बोले- इस बार टूटेंगे सभी रिकॉर्ड

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Apr, 2026 09:33 PM
चारधाम यात्रा को लेकर भाजपा उत्साहित, भट्ट बोले- इस बार टूटेंगे सभी रिकॉर्ड

देहरादून। चारधाम यात्रा की शुरुआत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने श्रद्धालुओं और सनातन समाज को शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि ईश्वर के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा तैयारियों की लगातार निगरानी से इस वर्ष यात्रा सफल, सुगम और सुरक्षित होने जा रही है।

उन्होंने कहा कि सदियों पुरानी आस्था और विश्वास की चारधाम यात्रा का पावन अवसर फिर आ गया है। देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालु छह महीने से इस घड़ी का इंतजार कर रहे थे और अब देवभूमि उत्तराखंड उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

18 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। इसका परिणाम है कि हर वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले ही इस बार 18 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।

सीएम धामी की तैयारियों की सराहना

भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी जिस तरह यात्रा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, आपदा संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और स्थानीय हितधारकों से संवाद कर रहे हैं, उससे श्रद्धालुओं में भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह सभी प्रयास सफल और सुरक्षित यात्रा की गारंटी देते हैं।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष चारधाम यात्रा अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। इससे प्रदेश के पर्यटन कारोबार और अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापारियों, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को नए अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान बद्रीविशाल और बाबा केदारनाथ की कृपा से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी और उत्तराखंड को आर्थिक मजबूती मिलेगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2