पीएम मोदी के दौरे से पहले धामी ने संभाली कमान, तैयारियों का लिया जायजा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Apr, 2026 07:12 PM
पीएम मोदी के दौरे से पहले धामी ने संभाली कमान, तैयारियों का लिया जायजा

देहरादून, 12 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल 2026 को देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत और स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन के दृष्टिगत रविवार को गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड एवं मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की भव्यता और गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।


मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।


जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी मां डाट काली मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे विकास को नई गति मिलेगी।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पार्टी पदाधिकारी, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2