भीमताल को सीएम धामी की सौगातें: उप-तहसील, अस्पताल, मंडी और ड्रोन लैब की घोषणा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 Apr, 2026 09:28 PMभीमताल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक शिक्षा, रोजगार और नवाचार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र के विकास और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की जा रही हैं।
शनिवार को नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का मुख्यमंत्री ने भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पवान युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा देने की है।
उन्होंने कहा कि संस्थान वर्षों से उत्तराखंड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है और यहां से निकले छात्र देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। कई विद्यार्थी प्रशासनिक सेवाओं, भारतीय सेना और स्टार्टअप क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाएं युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना रही हैं।
उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषय शामिल किए गए हैं। राज्य में 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब और परीक्षा भवन भी बनाए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने भीमताल में उप-तहसील बनाए जाने, ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित करने, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाने की घोषणा की।
इसके साथ ही रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडी निर्माण, लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज, ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन प्रयोगशाला की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन और ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने हेतु 50-50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


No Previous Comments found.