हल्द्वानी में सीएम धामी सख्त: वन्यजीव संघर्ष, ट्रैफिक और कानून व्यवस्था पर बड़े निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 Apr, 2026 09:25 PM
हल्द्वानी में सीएम धामी सख्त: वन्यजीव संघर्ष, ट्रैफिक और कानून व्यवस्था पर बड़े निर्देश

हल्द्वानी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान जरूरी है और इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग, अलर्ट सिस्टम और क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24x7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए।


शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।


बैठक में मंडलायुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने जानकारी दी कि आगामी आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ जिला प्रशासन द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग वर्तमान में सुचारू है। साथ ही कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 30 मई तक इसे चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, इसलिए पर्यटकों और वन क्षेत्रों से सटे गांवों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।


आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने, ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, शटल सेवा शुरू करने और वैकल्पिक पार्किंग स्थलों को सक्रिय करने को कहा। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग रोकने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।


जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे तराई और भावर क्षेत्र की पेयजल समस्या दूर होगी, भूजल स्तर बढ़ेगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।


बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने ग्रीष्मकाल और मानसून से पहले विद्युत स्टेशनों में सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पेयजल संकट से निपटने के लिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने को कहा। साथ ही सिंचाई विभाग और अन्य एजेंसियों को विकास कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।


बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली और उनके त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2