किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे मिलें, इसके लिए नर्सरियों में बेहतर कार्यप्रणाली जरूरी : गणेश जोशी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Apr, 2026 07:54 PMसितारगंज। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र में गुणवत्ता और बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखना बेहद आवश्यक है, ताकि किसानों को उच्च गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराए जा सकें और उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर पौध उत्पादन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
जनपद ऊधमसिंह नगर के सितारगंज स्थित राजकीय उद्यान एवं पौधालय का बुधवार को औचक निरीक्षण करते हुए गणेश जोशी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।
मंत्री ने उद्यान में तैयार की जा रही विभिन्न नर्सरियों का बारीकी से निरीक्षण किया और पौध उत्पादन की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि गार्डन में आम, लीची और अमरूद की उन्नत प्रजातियों का उत्पादन किया जा रहा है। विशेष रूप से अमरूद की एल-49 प्रजाति के लगभग तीन हजार पौधे तैयार किए गए हैं।
गणेश जोशी ने कहा कि बेहतर गुणवत्ता के पौधे किसानों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौध उत्पादन में आधुनिक तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए और नर्सरियों की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र के विकास से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।


No Previous Comments found.