धाकड़ धामी के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सौंपी गई नए सदस्यों को यह ज़िम्मेदारियाँ…
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Mar, 2026 06:54 PMदेहरादून | 22 मार्च 2026 : लंबे समय से चर्चा में चल रहे उत्तराखंड कैबिनेट विस्तार के बाद रविवार को तस्वीर साफ हो गई। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील विभाग अपने पास रखते हुए प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत बनाए रखा है।
पहले मुख्यमंत्री के पास 35 से अधिक विभाग थे, जिन्हें अब घटाकर 18 प्रमुख विभागों तक सीमित कर दिया गया है। इनमें गृह, वित्त, राजस्व, ऊर्जा, आबकारी और औद्योगिक विकास जैसे अहम विभाग शामिल हैं। साथ ही, जो विभाग किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं, वे भी मुख्यमंत्री के पास ही रहेंगे।
नई कैबिनेट में शामिल मंत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। मदन कौशिक को पंचायती राज, आपदा प्रबंधन और आयुष विभाग मिले हैं, जबकि खजान दास को समाज कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास और एमएसएमई, प्रदीप बत्रा को परिवहन और आईटी, तथा राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण का कार्यभार दिया गया है।
वहीं, अनुभवी मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है। सतपाल महाराज को लोक निर्माण, पर्यटन और सिंचाई, गणेश जोशी को कृषि और सैनिक कल्याण, डॉ. धन सिंह रावत को शिक्षा से जुड़े विभाग सौंपे गए हैं। सुबोध उनियाल को वन और स्वास्थ्य, रेखा आर्या को महिला एवं बाल विकास, खाद्य आपूर्ति और खेल, तथा सौरभ बहुगुणा को पशुपालन, दुग्ध विकास और कौशल विकास की जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा की हमारी सरकार के बीते चार साल, सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं, इसी क्रम में मंत्रिमंडल में नए शामिल सदस्यों सहित मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों के मध्य कार्य आवंटन भी कर दिया गया है। मंत्रिमंडल के सभी सदस्य अनुभवी हैं और जनसेवा से गहराई से जुड़े हैं।जनसेवा को सर्वोपरी रखते हुए, उत्तराखंड को विकसित भारत का अग्रणी एवं श्रेष्ठ राज्य बनाने में पूरी सरकार अपना योगदान प्राणोप्रण से देगी।हम सभी को उत्तराखंड की सवा करोड़ देवतुल्य जनता की सेवा करने का मौका मिला है, और यह सेवा भाव ही हमें अपनी देव तुल्य जनता के सपनों एवं आकांक्षाओं को पूर्ण करने के लिए सदैव प्रेरित करता है।


No Previous Comments found.