उत्तराखंड में डिजिटल कनेक्टिविटी पर फोकस: दुर्गम इलाकों तक इंटरनेट पहुंचाने के सख्त निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Mar, 2026 05:15 PMDehradun : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में राज्य ब्रॉडबैंड समिति की 9वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई एवं मुख्य सचिव द्वारा दिशा-निर्देश दिए गए।
दुर्गम क्षेत्रों में फाइबर केबल एवं वाईफाई के माध्यम से कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाए: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने ऐसे क्षेत्रों जहां रोड एक्सेस नहीं है, 4जी उपकरण आदि पहुंचाने के लिए रोड कनेक्टिविटी के बजाय फाइबर केबल बिछाकर एवं वाईफाई के माध्यम से शीघ्र कनेक्टिविटी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार कर उपयोग किए जाने की बात कही।
भारतनेट से सभी पंचायत भवनों को किया जाए संतृप्त
मुख्य सचिव ने सभी पंचायत भवनों को भारतनेट कनेक्टिविटी सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राज्य सरकार का आरओडब्ल्यू पोर्टल अब आईटीडीए हैंडल करेगा। साथ ही अन्य पेयजल, बिजली, गैस एवं संचार से संबंधित ऐसे विभाग, जो सड़कों की खुदाई कर अंडरग्राउंड लाइनें बिछाने का कार्य करते हैं, उन्हें आरओडब्ल्यू पोर्टल पर अपने सिस्टम को शीघ्र इंटीग्रेट करने के निर्देश दिए गए।
कनेक्टिविटी सैचुरेशन की प्रगति की मासिक रिपोर्ट सचिव सूचना प्रौद्योगिकी को सौंपी जाए
मुख्य सचिव ने स्ट्रीट फर्नीचर मैपिंग कार्य में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी सैचुरेशन के कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर सीधे संबंधित सचिव से समन्वय कर समाधान किया जाए। जनपद स्तरीय समितियों की बैठकें भी निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। सभी गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट मासिक रूप से सचिव आईटी को नियमित रूप से प्रेषित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
पंचायत भवनों के निर्माण/मरम्मत कार्यों में लाई जाए तेजी
मुख्य सचिव ने कहा कि जहां पंचायत भवन निर्माणाधीन हैं, वहां अस्थायी रूप से पास के सरकारी भवनों जैसे प्राथमिक विद्यालय या आंगनवाड़ी केंद्रों में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
टेलीकॉम कंपनियों को कॉल ड्रॉप के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर नेटवर्क सुधारने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को शहरी क्षेत्रों में भी कॉल ड्रॉप की समस्या सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में ऐसे ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें प्राथमिकता से ठीक किया जाए, जहां लगातार कॉल ड्रॉप की समस्या बनी रहती है। यात्रा सीजन के दौरान सभी प्रमुख मार्गों पर स्थायी टावर स्थापित होने तक अस्थायी मोबाइल टावर लगाकर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर सचिव नितेश कुमार झा, सी. रविशंकर, केंद्रीय दूरसंचार विभाग के अधिकारी, बीएसएनएल सहित अन्य निजी मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाता एवं टावर्स एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.