वैश्विक तेल संकट में संगठन और जनता पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़ी: भट्ट
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Mar, 2026 10:22 PMदेहरादून 10 मार्च : भाजपा ने खाड़ी युद्ध के चलते पेट्रो पदार्थों एवं रसाई गैस की कीमतों पर केंद्र सरकार द्वारा दिए भरोसे का स्वागत किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा, गंभीर विश्व संकट में भी किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, देश में पेट्रोलियम उत्पादों का प्रयाप्त स्टॉक है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर सरकार ने पहले से सभी आवश्यक तैयारी की हुई है, आगे जो भी कड़े कदम उठाने पड़े उनपर संगठन और जनता मोदी जी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
पेट्रोलियम पदार्थों की कमी और कीमत को लेकर उठाई जा रही चिंता पर पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा, जनता को मोदी सरकार पर पूरा भरोसा है और मजबूती के साथ उनके प्रत्येक कदम के साथ खड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत वृद्धि नहीं किए जाने के भरोसे पर संतुष्टि व्यक्त की है। कहा कि किसी को तेल, गैस की कमी या कीमत वृद्धि को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि हम एकमात्र देश हैं जहां खाड़ी की आपातकाल परिस्थितियों के बाद भी पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस आपूर्ति को लेकर सरकार गंभीर है। वर्तमान वैश्विक संकट एक ऐसी असाधारण परिस्थिति है, जिसने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है। भाजपा का मानना है कि इस कठिन समय में राष्ट्रहित सर्वोपरि है। पार्टी इस संकट से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे आवश्यक और कड़े कदमों का पूर्ण समर्थन करती है।
भाजपा और देश की जनता, वैश्विक संकट और राष्ट्रीय हित में केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। निसंदेह खाड़ी युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित हुई है और अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी उछाल आया है। यह संकट हमारे नियंत्रण से बाहर है, परंतु सरकार ने जिस तत्परता से वैकल्पिक स्रोतों से तेल की व्यवस्था की है, वह प्रशंसनीय है। भाजपा को उम्मीद है कि केंद्र एवं सभी राज्य सरकारें गैस और डीजल की किल्लत का फायदा उठाने वाले जमाखोरों और कालाबाजारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।
उन्होंने कहा, भाजपा संगठन और सरकार इस संकट की घड़ी में देश की जनता के साथ खड़े हैं। हमें विश्वास है कि पीएम मोदी के नेतृत्व और जनता के धैर्य से हम इस ऊर्जा संकट का सफलता पूर्वक सामना कर बाहर निकल आएंगे।


No Previous Comments found.