भाजपा में शामिल हुए सैकड़ों पूर्व सैनिक और विभिन्न दलों के नेता, महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में लगाएंगे जीत की हैट्रिक

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 9 Aug, 2026 07:18 PM
भाजपा में शामिल हुए सैकड़ों पूर्व सैनिक और विभिन्न दलों के नेता, महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में लगाएंगे जीत की हैट्रिक

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में बड़ा अभियान चलाया है। रविवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की विचारधारा और सैनिकों के सम्मान को आगे बढ़ाने वाली भाजपा उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

‘मोदी के प्रति देवभूमि का विश्वास नहीं डिगा सकता कांग्रेस का झूठ’

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से आने वाले कांग्रेस नेताओं के पास उत्तराखंड की जनता के बीच कहने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे झूठ और भ्रम फैलाने का सहारा लेते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस तरह के प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति वीरभूमि एवं देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के विश्वास को डिगा नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि में राष्ट्रभक्ति, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे भाव महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उन्होंने पार्टी के इतिहास और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लेकर जनसंघ तथा भाजपा के गठन तक की वैचारिक यात्रा का भी उल्लेख किया।

धारा 370 से लेकर सैन्य आधुनिकीकरण तक का किया उल्लेख

भट्ट ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाए रखने के लिए अपना जीवन बलिदान किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाए जाने को उन्होंने डॉ. मुखर्जी के सपने की पूर्ति बताया।

पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार ने सैन्य आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा क्षमता पहले की तुलना में मजबूत हुई है।

भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने लंबे समय से लंबित ‘वन रैंक, वन पेंशन’ को लागू किया है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले सैनिकों के सम्मान में बढ़ाई गई धनराशि का भी उल्लेख किया।

‘12 वर्षों में देश में हुआ व्यापक बदलाव’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में देश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है। उन्होंने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, एम्स के विस्तार और गांवों तक सड़क एवं पेयजल सुविधाओं को सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और देश में पारदर्शी शासन को बढ़ावा मिला है।

उत्तराखंड में चारधाम और पर्यटन विकास का किया उल्लेख

महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से चारधामों में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने आदि कैलाश यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और केदारनाथ में हुए पुनर्निर्माण कार्यों का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विकास की नई दिशा मिली है और राज्य में आधारभूत ढांचे के साथ धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

‘2027 में जीत की हैट्रिक का लक्ष्य’

भट्ट ने नए सदस्यों से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के लिए लगातार काम कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं का भी दायित्व है कि वे राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार जीत दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के बाद उत्तराखंड में भी भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी।

पूर्व सैनिकों ने जताई भाजपा के लिए काम करने की प्रतिबद्धता

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा के साथ समाज में एक सैनिक की तरह कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के अनुभव और अनुशासन का लाभ संगठन को मिलेगा।

भाजपा में शामिल हुए सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश ध्यानी ने पूर्व सैनिकों की ओर से पार्टी के लिए पूरी क्षमता और समर्पण से काम करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्व सैनिक भाजपा के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने में योगदान करेंगे।

ये प्रमुख लोग हुए भाजपा में शामिल

सदस्यता ग्रहण करने वालों में यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश ध्यानी, डीआईजी धर्म शक्तु, पूर्व नौसेना अधिकारी उमेश कुनियाल, कर्नल नवीन मिश्रा, कर्नल एससी शर्मा, शहीद पत्नी एवं लोकगायिका महिमा उनियाल, कीर्तिचक्र सम्मानित शहीद अजय वर्धन तोमर की पत्नी लक्ष्मी तोमर और सामाजिक कार्यकर्ता इलियास अहमद सहित अनेक लोग शामिल रहे।

इसके अलावा कैप्टन पुष्कर, कर्नल राजीव रावत, कर्नल सतीश चंद्र शर्मा, कैप्टन हरीश चंद्र, सूबेदार सुभाष लखेड़ा, सूबेदार राकेश, डॉ. गंगा बिष्ट, डॉ. नितिन मिश्रा, शिवानंद उनियाल, राकेश मोहन रावत, इंजीनियर नरेंद्र भंडारी, अधिवक्ता अमित तोमर, बलवंत सिंह पवार, लक्ष्मण सिंह नेगी, एसआर नौटियाल, बीपी रतूड़ी, महावीर सिंह नेगी, संता प्रसाद, अनिल घनसाला, चंद्रकांत कोठारी, नंदकिशोर जोशी, आकाश रावत, सुनील जुयाल, अर्चित कुकरेती, सौरभ नेगी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और मातृशक्ति ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #BJP #MahendraBhatt #PushkarSinghDhami #Dehradun #ExServicemen #UttarakhandPolitics #BJPUttarakhand #AssemblyElection2027


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2