महिला दिवस पर गणेश जोशी ने पूर्व सैनिक की बेटी को दिया लैपटॉप, आपदा प्रभावित 15 परिवारों को भी बांटी सहायता राशि
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Mar, 2026 05:14 PMदेहरादून: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में दिवंगत पूर्व सैनिक की पुत्री को लैपटॉप प्रदान कर उसकी शिक्षा को सहयोग दिया। इस दौरान उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता भी वितरित की।
कैबिनेट मंत्री ने देहरादून के जैंतनवाला निवासी दिवंगत पूर्व सैनिक राइफलमैन अशोक कुमार थापा की पुत्री कशिश थापा को उपनल के सीएसआर मद से पठन-पाठन के लिए लैपटॉप प्रदान किया। वीर नारी कविता थापा ने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, जिस पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायता उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कशिश थापा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। मातृशक्ति आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है और समाज व राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी आजीविका संवर्धन के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।
इस दौरान मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुच्छुपानी सहित अन्य क्षेत्रों में आपदा से प्रभावित 15 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹40-40 हजार की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा, ज्योति कोटिया, निर्मला थापा, ग्राम प्रधान आशू थापा सहित कई लोग उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.