तमक नाले में ह्यूम पाइप से तैयार हुआ अस्थायी मोटर मार्ग, वाहनों की आवाजाही शुरू

वैली ब्रिज बहने के बाद युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का काम पूरा; लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 Aug, 2026 10:23 PM
तमक नाले में ह्यूम पाइप से तैयार हुआ अस्थायी मोटर मार्ग, वाहनों की आवाजाही शुरू

चमोली, 11 अगस्त। नीती घाटी में भारी बारिश के चलते तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह गया था, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की त्वरित कार्रवाई के बाद अब इस मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है।


तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया गया है। मार्ग तैयार होने के बाद इससे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार जुटी रहीं और युद्धस्तर पर काम करते हुए बाधित यातायात को सुचारु किया गया।


लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू


तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। लापता व्यक्ति की तलाश में मंगलवार को दूसरे दिन भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा।


जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।


रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्र के आसपास नदी तट और अन्य संभावित स्थानों पर गहनता से तलाश कर रही हैं।


मौसम और जलस्तर पर लगातार निगरानी


जिला प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम की स्थिति और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।


प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि अस्थायी मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। साथ ही मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


#Uttarakhand #Chamoli #TamkaNala #NitiValley #RescueOperation #DisasterManagement #UttarakhandNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2