सीएम धामी के निर्देशों का असर: रिकॉर्ड समय में तमक नाले पर बहाल हुआ यातायात

वैली ब्रिज बहने के बाद ह्यूम पाइप डालकर तैयार किया गया अस्थायी मोटर मार्ग, वाहनों की आवाजाही शुरू; लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 Aug, 2026 10:21 PM
सीएम धामी के निर्देशों का असर: रिकॉर्ड समय में तमक नाले पर बहाल हुआ यातायात

चमोली। नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाले में उफान आने से बह गए वैली ब्रिज के बाद बाधित यातायात को रिकॉर्ड समय में बहाल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया, जिसके बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कम समय में यातायात व्यवस्था बहाल किए जाने पर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने घटना के बाद जल्द से जल्द अस्थायी व्यवस्था तैयार कर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए थे।

सीएम लगातार लेते रहे स्थिति की जानकारी

तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री धामी लगातार पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और चमोली के जिलाधिकारी से लगातार राहत-बचाव कार्य तथा मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का काम शुरू किया। ह्यूम पाइप की मदद से अस्थायी मोटर मार्ग तैयार होने के बाद क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है।

लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी अभियान

तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। उसकी तलाश में दूसरे दिन भी संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी है।

लापता व्यक्ति की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

रेस्क्यू टीमें नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर गहनता से तलाशी अभियान चला रही हैं।

मौसम और जलस्तर पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम की स्थिति और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात रेस्क्यू एवं अन्य टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग पर आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही मौके पर तैनात प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Chamoli #TamkaNala #NitiValley #DisasterManagement #RescueOperation #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2