राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी
देशभर से चुने गए पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स में शामिल, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Aug, 2026 05:25 PMदेहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए उत्तराखंड की युवा आपदा मित्र कैडेट गर्विता भाकुनी का चयन किया गया है। अल्मोड़ा के लोअर मॉल रोड की निवासी गर्विता इस विशेष समारोह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। देशभर से केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है, जिनमें गर्विता भी शामिल हैं।
गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की प्रशिक्षित युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उनके अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से एक-एक युवा आपदा मित्र कैडेट का चयन इस समारोह के लिए किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता भाकुनी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय सबसे पहला प्रतिक्रियादाता होता है और यदि युवा प्रशिक्षित हों तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी, त्वरित और सुरक्षित ढंग से किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है, ताकि वे संकट की घड़ी में समाज की सहायता करने के साथ-साथ आपदा जोखिम को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क भविष्य की चुनौतियों से निपटने के साथ समाज में आपदा सुरक्षा की संस्कृति विकसित करने में भी अहम योगदान देगा।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), मेरा युवा भारत (एमवाईबी) तथा भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 2,700 युवाओं को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। योजना का उद्देश्य ऐसा प्रशिक्षित स्वयंसेवी नेटवर्क तैयार करना है, जो आपदा से पहले जनजागरूकता फैलाने, आपदा के दौरान प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने तथा आपदा के बाद पुनर्वास और सामुदायिक सहायता में सक्रिय भूमिका निभा सके।
अपनी खुशी साझा करते हुए गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिले प्रशिक्षण ने उन्हें समाज की सेवा करने का आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का एहसास कराया है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेंगी तथा अन्य युवाओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #GarvitaBhakuni #AtHomeReception #PresidentHouse #DisasterMitra #NCC #IndependenceDay #PushkarSinghDhami #Yugvarta



No Previous Comments found.