खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
27 दिव्यांगजनों और 22 वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित, महिला स्वयं सहायता समूहों को बोलेरो और फूड वैन की सौगात
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Aug, 2026 03:43 PMखटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा राज्य सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले। मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांगजन कल्याण के तहत 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राइसाइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रामोत्थान रीप (REAP) योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन, गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ, बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ, गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी गई।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Khatima #JanSamasya #Divyang #SeniorCitizens #REAP #UttarakhandNews #Yugvarta



No Previous Comments found.