राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : बंशीधर
उत्तराखंड में पत्रकारों के कल्याण को बड़ा सहारा, 9 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को मिलेगी ₹5-5 लाख की सहायता
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Jul, 2026 09:08 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों और उनके परिजनों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मामलों पर विचार करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समिति ने पत्रकार कल्याण कोष के तहत नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की। यह सहायता संकट की घड़ी में पत्रकार परिवारों को आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दी जाएगी।
इसके अलावा समिति ने मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8 हजार प्रतिमाह की सम्मान पेंशन दिए जाने की भी संस्तुति की।
बैठक के दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसके लिए नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर प्राप्त मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #JournalistWelfare #PushkarSinghDhami #BanshidharTiwari #JournalistPension #JournalistWelfareFund #Dehradun #YugvartaNews



No Previous Comments found.