उत्तराखंड : साबरमती आश्रम पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 10 Jul, 2026 10:07 PM
उत्तराखंड : साबरमती आश्रम पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की

अहमदाबाद। गुजरात प्रवास के दौरान उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने शनिवार को ऐतिहासिक साबरमती आश्रम पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को नमन किया।

इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी देश को एकता, सेवा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि साबरमती आश्रम केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणा केंद्र है, जहां से महात्मा गांधी ने देश को नई दिशा देने वाले कई ऐतिहासिक आंदोलनों का नेतृत्व किया।

कैबिनेट मंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर गांधीजी के जीवन, उनके संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रम में संरक्षित धरोहरों और प्रदर्शित ऐतिहासिक दस्तावेजों को भी देखा तथा गांधीजी के सादगीपूर्ण जीवन और उनके विचारों को देश की अमूल्य विरासत बताया।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में महात्मा गांधी के स्वावलंबन, स्वदेशी और जनसेवा के सिद्धांत आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए गांधीजी के आदर्शों को व्यवहार में उतारना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने देश के युवाओं से महात्मा गांधी के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2