गुजरात के ट्रांसपोर्ट मॉडल का अध्ययन कर लौटेंगे बत्रा, उत्तराखंड में होंगे नए प्रयोग
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Jul, 2026 04:35 PMअहमदाबाद/देहरादून। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने गुजरात दौरे के दौरान गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) के आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की आधुनिक और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था का अध्ययन किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर डिजिटल सेवाओं, यात्री सुविधाओं और परिवहन संचालन प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक में गुजरात की डिजिटल परिवहन सेवाओं, स्मार्ट संचालन प्रणाली और तकनीकी नवाचारों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन के अनुरूप देशभर में परिवहन क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड परिवहन विभाग की वर्तमान कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी साझा की।
परिवहन मंत्री ने कहा कि गुजरात के परिवहन मॉडल से मिले अनुभव उत्तराखंड की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक बनाने में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और तकनीक के माध्यम से परिवहन सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे अध्ययन दौरे राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं, जिससे परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
बैठक में गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) के वरिष्ठ अधिकारी तथा परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.