उत्तराखंड में नया इतिहास: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह बने सबसे लंबे कार्यकाल वाले राज्यपाल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Jul, 2026 10:53 PMदेहरादून: उत्तराखंड के संवैधानिक इतिहास में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने लगातार 1,756 दिनों का कार्यकाल पूरा करते हुए राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले राज्यपाल बनने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
राजभवन की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि 1,756 दिन केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि निरंतरता, धैर्य, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा की एक लंबी यात्रा का प्रतीक हैं।
संदेश में राज्यपाल के कार्यकाल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा गया कि उनके मार्गदर्शन में राजभवन ने संवैधानिक दायित्वों के साथ-साथ शिक्षा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाई है।
लोकभवन परिवार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
उत्तराखंड के संवैधानिक इतिहास में यह उपलब्धि राज्यपाल गुरमीत सिंह के नाम एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड के रूप में दर्ज हो गई है।



No Previous Comments found.