मसूरी में बनेगा नया स्टेडियम, गणेश जोशी ने अधिकारियों को दिए तेजी के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Jul, 2026 09:13 PMदेहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में भिलाडू में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण को लेकर खेल विभाग, वन विभाग और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और परियोजना को तय समयसीमा में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्टेडियम निर्माण से जुड़ी भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया, पहुंच मार्ग (एक्सेस रोड) और अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि परियोजना में किसी तरह की देरी न हो और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।
अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि वन विभाग की आपत्तियों से संबंधित फाइल शासन को भेज दी गई है और जल्द ही आवश्यक स्वीकृति मिलने की संभावना है। साथ ही बताया गया कि भिलाडू स्टेडियम निर्माण के लिए विस्तृत प्राक्कलन (इस्टीमेट) एक सप्ताह के भीतर तैयार कर लिया जाएगा।
इस पर गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि प्राक्कलन तैयार होते ही शासन स्तर से सभी जरूरी स्वीकृतियां प्राथमिकता के आधार पर ली जाएं और निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भिलाडू में आधुनिक स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के लिए मजबूत मंच तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के विस्तार से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने को लेकर चर्चा की।



No Previous Comments found.