मानसून से पहले विकास कार्यों में लाएं तेजी, जनता को न हो परेशानी: खजान दास

राजपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्षाकाल की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 22 Jun, 2026 05:10 PM
मानसून से पहले विकास कार्यों में लाएं तेजी, जनता को न हो परेशानी: खजान दास

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी वर्षाकाल के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मानसून से पहले सभी जरूरी विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान मंत्री ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून सीजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

कैबिनेट मंत्री ने बैठक में एमडीडीए के जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में एमडीडीए के वरिष्ठ अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी निर्णय लिए जा सकें। इस दौरान जानकारी दी गई कि आढ़त बाजार को ब्राह्मणवाला शिफ्ट किए जाने संबंधी निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है और अब तक 78 से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।

बैठक में क्षेत्र की पेयजल समस्याओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने पलटन बाजार क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रिंस चौक पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्लान के लिए शासन स्तर पर 29.14 करोड़ रुपये की ईएफसी स्वीकृत हो चुकी है।

खजान दास ने लोक निर्माण विभाग से कांवली रोड, सुभाष रोड और मॉर्डन कॉलोनी रोड की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मानसून से पहले इन सड़कों को पूरी तरह सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सभी संबंधित विभाग जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करें।

परेड ग्राउंड की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि गांधी पार्क की तर्ज पर परेड ग्राउंड की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जाए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम, पेयजल विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, एमडीडीए, यूपीसीएल समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2