चारधाम यात्रा को मिलेगी नई ताकत, रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Jun, 2026 11:02 PMदेहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जनपद रुद्रप्रयाग के रतूड़ा क्षेत्र में आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सचिवालय में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
सचिव राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य अतिथि गृह की कार्ययोजना, डिजाइन और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) जल्द तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य तय समयसीमा में शुरू किया जा सके।
चारधाम यात्रा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस परियोजना के लिए रुद्रप्रयाग के रतूड़ा क्षेत्र में 0.375 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। यह परियोजना मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में सचिव राज्य संपत्ति ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए कि प्रस्तावित भवन को आधुनिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप विकसित किया जाए। निर्माण में स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक परिवेश और पर्वतीय क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाएगा, ताकि भवन उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित कर सके।
उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भवन में पर्याप्त संख्या में कक्ष, बैठक कक्ष, वीआईपी सुविधाएं, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य आधुनिक व्यवस्थाओं का समुचित प्रावधान किया जाए। इससे यह राज्य अतिथि गृह केवल सरकारी उपयोग तक सीमित न रहकर राज्य की प्रमुख आवासीय परिसंपत्तियों में शामिल हो सकेगा।
बैठक में पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भवन निर्माण में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। भवन की नदी से दूरी, ऊंचाई और अन्य निर्माण मानदंड पर्वतीय क्षेत्रों के नियमों के अनुसार तय किए जाएंगे। साथ ही निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश भी दिए गए।
विशेषज्ञों के अनुसार रुद्रप्रयाग चारधाम यात्रा का प्रमुख केंद्र है। केदारनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं, वीआईपी आगंतुकों और प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही को देखते हुए यह राज्य अतिथि गृह बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे आपदा प्रबंधन, प्रशासनिक बैठकों और राज्य अतिथियों के ठहरने की सुविधाएं बेहतर होंगी।
बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी, अधिशासी अभियंता इन्द्रजीत बोस और सहायक अभियंता ओमप्रकाश चन्द्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप राज्य की परिसंपत्तियों को आधुनिक और उपयोगी स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह चारधाम यात्रा और प्रशासनिक जरूरतों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे उच्च गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।



No Previous Comments found.