पूर्ण साक्षरता और उपनल कर्मियों को राहत, धामी सरकार ने रचा नया इतिहास : भाजपा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Jun, 2026 07:16 PMदेहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने और उपनल कर्मियों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान को धामी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया है। भाजपा का कहना है कि विकास, विरासत और जनकल्याण के बाद अब शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य सरकार ने नया इतिहास रचा है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार उपलब्धियों के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक विषमताओं और दुर्गम परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य का पूर्ण साक्षर राज्य बनने का गौरव हासिल करना प्रत्येक उत्तराखंडवासी के लिए गर्व और ऐतिहासिक क्षण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘अंत्योदय’ और ‘जो कहा, वो किया’ की नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री ने जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने का काम किया है। इसी क्रम में सरकार ने उपनल कर्मियों के हित में बड़ा और संवेदनशील फैसला लेते हुए ‘समान कार्य, समान वेतन’ के मुद्दे पर आगे बढ़कर कट-ऑफ डेट में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिससे बड़ी संख्या में कर्मियों को राहत मिलेगी।
मनवीर चौहान ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से चली आ रही कई जटिल समस्याओं को धामी सरकार ने समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि नौकरियों में महिला आरक्षण को कानूनी अधिकार देना, राज्य आंदोलनकारियों के क्षैतिज आरक्षण का मुद्दा और वर्षों से लंबित विकास परियोजनाओं को गति देना सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि उपनल कर्मियों को उनके कार्य के आधार पर उचित अधिकार और वेतन देने का मुद्दा लंबे समय से लंबित था, जिसे मुख्यमंत्री धामी ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुलझाने का काम किया। सरकार ने पहले इस संबंध में नीतिगत घोषणा की और बाद में तकनीकी कारणों से छूट रहे कर्मियों को भी लाभ देने के लिए कट-ऑफ डेट आगे बढ़ाई। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
भाजपा ने कहा कि “यह दशक उत्तराखंड का दशक है” और शिक्षा के क्षेत्र में पूर्ण साक्षरता का कीर्तिमान तथा उपनल कर्मियों को मिली राहत इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



No Previous Comments found.