योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे मजबूत आधार है : पुष्कर सिंह धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jun, 2026 03:46 PMदेहरादून, 18 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने आवास पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है। आज योग विश्वभर में बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।



No Previous Comments found.