नीट पुनर्परीक्षा और यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव सख्त
निष्पक्ष, पारदर्शी और लीक-प्रूफ परीक्षा कराने के निर्देश, परीक्षार्थियों को बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने की तैयारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Jun, 2026 11:03 PMदेहरादून, 09 जून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी नीट पुनर्परीक्षा, उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा को लेकर कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और लीक-प्रूफ बनाने के लिए सुरक्षा एवं निगरानी के सभी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मानसून और बारिश की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मार्ग के बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था और बैकअप प्लान तैयार रखा जाए।
यूकेएसएसएससी पुनर्परीक्षा के लिए विशेष निगरानी के निर्देश
मुख्य सचिव ने 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी आवश्यक सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, परीक्षार्थियों की सघन जांच तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा
बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर निर्धारित आयोजन स्थलों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों के आसपास पर्याप्त वाहन पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जनसहभागिता के साथ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
बैठक में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मार्तोलिया, प्रमुख सचिव अमित कुमार सिरोही, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, आर. राजेश कुमार, विनोद कुमार सुमन, धीराज सिंह गर्ब्याल तथा महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।



No Previous Comments found.