उत्तराखंड : पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत भगत सिंह कोश्यारी से मिले मुख्यमंत्री धामी, दी शुभकामनाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 May, 2026 09:40 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पहुंचकर उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना केवल उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सदैव जनसेवा, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भगत सिंह कोश्यारी ने जो आदर्श स्थापित किए हैं, वे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कोश्यारी का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक चेतना और विकास के विभिन्न आयामों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने पद्म भूषण सम्मान प्राप्त करने पर भगत सिंह कोश्यारी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उन्हें पुनः शुभकामनाएं दीं।



No Previous Comments found.